
जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जो विभिन्न इलाकों से चोरी की गई थीं।
कुछ दिन पहले साकेत कॉलोनी से एक बाइक चोरी होने की रिपोर्ट बोधघाट थाना में दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोधघाट थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में साकेत कॉलोनी समेत अन्य क्षेत्रों में हुई पांच बाइक चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया।
उनकी निशानदेही पर एक और आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से एक और चोरी की बाइक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 6 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की आगे की जांच जारी है।