इजरायल का ईरान पर बड़ा हमला, तेहरान सहित कई शहरों में मिसाइल दागने से मचा हड़कंप

तेल अवीव। इजरायल और ईरान के बीच चल रहा तनाव अब भीषण युद्ध में बदल गया है। इजरायली वायुसेना ने ईरान के विभिन्न हिस्सों पर बड़ा हमला किया है, जिसके बाद पूरे ईरान में हवाई हमलों के सायरन गूंज रहे हैं। राजधानी तेहरान में कई स्थानों पर तेज धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। इजरायली वायुसेना के अनुसार, यह हमला एक साथ कई बैलिस्टिक मिसाइलों के जरिए किया गया है।

हमले के बाद तेहरान के कई इलाकों से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देखा जा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इजरायल में भी सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया गया है और वहां के संवेदनशील इलाकों को खाली कराया जा रहा है। ईरान के प्रमुख समाचार पत्र तेहरान टाइम्स ने भी इन हमलों की पुष्टि करते हुए कई स्थानों पर हुए धमाकों के वीडियो जारी किए हैं।

यह सैन्य कार्रवाई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगातार दी जा रही धमकियों के बीच हुई है। बताया जा रहा है कि अमेरिकी सेना ने पहले ही ईरान की घेराबंदी कर रखी थी, जिसके बाद इजरायल ने इस बड़े हमले को अंजाम दिया है। फिलहाल दोनों देशों के बीच युद्ध की स्थिति बनी हुई है और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *