इस्लामाबाद। पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर इन दिनों अपनी शादी की खबरों को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं। अपनी खूबसूरती और अभिनय के दम पर भारत और पाकिस्तान दोनों देशों में बड़ी फैन फॉलोइंग रखने वाली हानिया का नाम मशहूर सिंगर आसिम अजहर के साथ जोड़ा जा रहा है। चर्चा है कि दोनों कलाकार रमजान के महीने में एक निजी समारोह में निकाह कर सकते हैं।
हाल ही में सोशल मीडिया पर हानिया आमिर के कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिन्होंने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है। वीडियो में हानिया पीले रंग के सलवार सूट और फूलों के श्रृंगार में नजर आ रही हैं, वहीं आसिम अजहर काले कुर्ते में उनके साथ थिरकते दिख रहे हैं। एक अन्य वीडियो में हानिया महिलाओं के साथ डांडिया खेलती नजर आ रही हैं और वीडियो के अंत में वे अपनी शादी होने की बात भी कह रही हैं। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि यह वीडियो हानिया के 12 फरवरी को मनाए गए जन्मदिन का है, जिसकी थीम शादी रखी गई थी।
हानिया और आसिम की डेटिंग का इतिहास काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। साल 2018 में शुरू हुआ उनका रिश्ता 2020 में खत्म हो गया था। इसके बाद आसिम ने मॉडल मेरूब अली से सगाई की थी, जो जून 2025 में टूट गई। अब एक बार फिर हानिया और आसिम को साथ देखकर फैंस कयास लगा रहे हैं कि दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं।
वहीं दूसरी ओर, हानिया के चाहने वाले इन वीडियो को देखकर भावुक हो रहे हैं। कई फैंस का मानना है कि यह किसी म्यूजिक वीडियो की शूटिंग का हिस्सा हो सकता है, जबकि कुछ इसे सिर्फ एक मजाक मान रहे हैं। फिलहाल हानिया या आसिम की तरफ से इन खबरों पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है, लेकिन उनके वीडियो इंटरनेट पर सनसनी बने हुए हैं।