आईपीएस वाई. पूरन कुमार ने की आत्महत्या, सरकारी आवास में मिला शव

चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ और बेबाक आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर की सुबह अपने सरकारी आवास में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। 2001 बैच के इस अधिकारी की मौत ने पूरे पुलिस महकमे को स्तब्ध कर दिया है। वे अपनी निर्भीक छवि और भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे।

पूरन कुमार वर्तमान में पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (PTC) सुनारिया, रोहतक में आईजी के पद पर पदस्थ थे। इससे पहले वे आईजी (कानून-व्यवस्था), आईजी (दूरसंचार) और रोहतक रेंज के आईजी रह चुके थे। हाल ही में हुए तबादले के बाद उन्हें पीटीसी सुनारिया भेजा गया था।

सुबह गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्हें खून से लथपथ हालत में पाया गया। शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार उन्होंने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारी थी।

घटना के समय उनकी पत्नी, आईएएस अधिकारी अमनीत कौर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ जापान दौरे पर थीं। चंडीगढ़ पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी उनकी आत्महत्या के पीछे की वजहों की पड़ताल कर रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *