बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार सुबह आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नर्मदा ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड के संयंत्र पर दबिश दी। इस फैक्ट्री में मशहूर शीतल पेय कंपनी कोका कोला के उत्पादों का निर्माण किया जाता है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की छह सदस्यीय टीम सुबह फैक्ट्री परिसर पहुंची और तुरंत जांच शुरू कर दी। विभाग के अधिकारी वर्तमान में फैक्ट्री के आय-व्यय से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, आईटी विभाग ने केवल बिलासपुर ही नहीं, बल्कि नर्मदा ड्रिंक्स से जुड़ी अन्य राज्यों की फैक्ट्रियों पर भी एक साथ छापेमारी की है।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और फैक्ट्री के बाहर पुलिस के जवान तैनात हैं ताकि जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार का व्यवधान न हो। आयकर विभाग की ओर से अभी इस छापे के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन उम्मीद है कि दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद बड़े खुलासे हो सकते हैं।