जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक प्राचीन हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ और धार्मिक प्रतीकों को नुकसान पहुँचाने का मामला सामने आया है। आस्था थाना क्षेत्र के धरधरी गांव स्थित प्राचीन बम्हनी माता मंदिर में सोमवार सुबह जब ग्रामीण पूजा करने पहुँचे, तो वहां का दृश्य देखकर दंग रह गए। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने माता की प्रतिमा को खंडित कर दिया और परिसर में लगे धार्मिक झंडों को आग के हवाले कर दिया।
इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और विशेषकर महिलाओं में भारी आक्रोश देखा गया। मंदिर की पवित्रता भंग होने से आहत कई महिलाएं मौके पर ही भावुक हो गईं। घटना की सूचना पाकर विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुँचे और इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की। परिषद ने पुलिस प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। जशपुर एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी और आस्था थाना प्रभारी को पुलिस बल के साथ मौके पर रवाना कर दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।