
राजधानी रायपुर के विधानसभा मार्ग स्थित शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा आयोजित 6 दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ 12 फरवरी को हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, महापौर मीनल चौबे एवं सभापति सूर्यकांत राठौड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसी क्रम में नवा रायपुर के सेक्टर-20 स्थित एकेडमी फॉर ए पीसफुल वर्ल्ड (शांति शिखर) में भी महोत्सव का शुभारंभ 12 फरवरी को प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने किया। यह आयोजन 17 फरवरी तक चलेगा।
25 फीट ऊंचे पर्वत पर द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन, होलोग्राम शो बना आकर्षण
महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए 25 फीट ऊंचे पर्वत पर द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित होलोग्राम शो का आयोजन भी किया गया है।
कार्यक्रम में स्वर्णिम युग की झांकी, शिव दर्शन आध्यात्मिक प्रदर्शनी तथा 40 फीट ऊंचा शिवलिंग श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। श्रद्धालु प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक दर्शन कर सकते हैं। प्रवेश पूर्णतः निशुल्क रखा गया है।
महाशिवरात्रि पर विशेष आयोजन, सुबह से रात तक दर्शन
महाशिवरात्रि के अवसर पर 15 फरवरी को श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इस दिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक पूरे दिन द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराए जाएंगे। झांकी में परमपिता परमात्मा शिव की स्मृति में स्थापित ज्योतिर्लिंगों का इतिहास और महत्व संगीतमय कमेंट्री के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही एलसीडी प्रोजेक्टर के जरिए बड़े पर्दे पर भी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।
18 फरवरी से 7 दिवसीय निशुल्क राजयोग अनुभूति शिविर
महोत्सव के समापन के बाद 18 फरवरी से शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर एवं चौबे कॉलोनी स्थित सेवा केंद्रों में 7 दिवसीय निशुल्क राजयोग अनुभूति शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में श्रद्धालु सुबह 7 से 8 बजे अथवा शाम 7 से 8 बजे किसी एक सत्र में भाग ले सकते हैं।
आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस आध्यात्मिक शिविर का लाभ लेने की अपील की है।