
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने के बाद उसकी कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को गांव के ही एक खेत में फेंक दिया। घटना के चार दिन बाद खेत से शव बरामद होने पर मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला सोनपुर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की नारायणपुर जिले के एक गांव की रहने वाली थी। उसकी जान-पहचान उसी गांव में रहने वाले युवक संजू कुमेटी से थी। 31 दिसंबर को नाबालिग अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
चार जनवरी को गांव के कुछ ग्रामीणों ने खेत में एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। शव की हालत देखकर सभी स्तब्ध रह गए। मृतका के कपड़े फटे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि नाबालिग का संपर्क संजू कुमेटी से था और वह अंतिम बार उसी के साथ देखी गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने संदेह के चलते 5 जनवरी को संजू कुमेटी को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसने पहले नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और फिर धारदार हथियार कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को गांव के ही खेत में फेंक दिया, ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। नारायणपुर पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।