धार: मध्य प्रदेश के धार जिले के गोंदीखेड़ा चारण गांव में एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। मिर्ची व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या के इस मामले में पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला ने पुलिस को लूट की झूठी सूचना देकर गुमराह करने की कोशिश की थी।
7 अप्रैल की रात को हुई इस घटना के बाद आरोपी पत्नी प्रियंका ने पुलिस को बताया था कि अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर उसके पति की हत्या कर दी और उसे बंधक बनाकर नकदी व जेवरात लूट ले गए। धार एसपी मयंक अवस्थी के निर्देशन में जब एएसपी पारुल बेलापुरकर और एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने मामले की पड़ताल शुरू की, तो घटना स्थल की स्थिति संदिग्ध मिली। साइबर सेल द्वारा प्रियंका के कॉल रिकॉर्ड्स खंगालने और कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि प्रियंका का राजगढ़ निवासी कमलेश पुरोहित के साथ प्रेम संबंध था। पति को रास्ते से हटाने के लिए कमलेश ने अपने साथी सुरेंद्र भाटी को एक लाख रुपये की सुपारी दी थी। वारदात के बाद इसे लूट का रूप देने के लिए घर का सामान बिखेर दिया गया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को हिरासत में ले लिया है, जबकि सुपारी लेने वाला सह-आरोपी सुरेंद्र फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
मृतक देवकृष्ण के परिजनों ने बताया कि उनकी शादी 11 साल पहले हुई थी, लेकिन प्रियंका अक्सर विवाद करती थी। इस जघन्य हत्याकांड के बाद मृतक की मां और बहन ने आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है। पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।