अगर आप हर सप्ताह परिवार या दोस्तों के साथ रेस्टोरेंट में लंच या डिनर करने जाते हैं, तो जल्द ही इसके लिए आपको ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। दरअसल, कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई में आई कमी और बढ़ती कीमतों ने होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। इस संकट की मुख्य वजह वेस्ट एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और ईरान से जुड़े संघर्ष को माना जा रहा है, जिसके चलते वैश्विक ऊर्जा सप्लाई चेन प्रभावित हुई है।
बड़े शहरों के रेस्टोरेंट पर सीधा असर
इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि अगर हालात नहीं सुधरे तो अप्रैल से रेस्टोरेंट के मेन्यू में 20 से 30 प्रतिशत तक कीमतें बढ़ सकती हैं। आम तौर पर यह बढ़ोतरी जून या जुलाई में की जाती है, लेकिन मौजूदा हालात ने रेस्टोरेंट मालिकों को जल्दी फैसला लेने पर मजबूर कर दिया है।
बेंगलुरु, मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और पुणे जैसे बड़े शहरों में इसका असर साफ दिखाई देने लगा है। 9 मार्च को कई जगहों पर कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई अचानक रुक गई। कई रेस्टोरेंट को केवल 20 प्रतिशत ही डिलीवरी मिल पाई और उसके बाद सप्लाई लगभग ठप हो गई।
रोजाना कई सिलेंडरों की जरूरत
एक सामान्य रेस्टोरेंट को रोजाना दो से चार कमर्शियल LPG सिलेंडर की जरूरत होती है, जबकि बड़े रेस्टोरेंट में यह संख्या छह से आठ तक पहुंच जाती है। सुरक्षा नियमों के कारण रेस्टोरेंट मालिक बड़ी मात्रा में सिलेंडर स्टॉक करके भी नहीं रख सकते, जिससे सप्लाई रुकते ही किचन संचालन मुश्किल हो जाता है।
सिलेंडर के दाम में तेज उछाल
सप्लाई में कमी के साथ ही 19 किलोग्राम के कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में भी तेज बढ़ोतरी हुई है। पहले यह सिलेंडर लगभग 1,650 से 1,850 रुपये में मिलता था, लेकिन अब इसकी कीमत बढ़कर 2,100 से 2,300 रुपये तक पहुंच गई है। इस बढ़ोतरी ने रेस्टोरेंट कारोबारियों की लागत और बढ़ा दी है।
कारोबार और रोजगार पर भी असर
दिल्ली के सरिता विहार में रेस्टोरेंट चलाने वाले सिद्धार्थ का कहना है कि पहले से ही खाने के सामान, किराए और कर्मचारियों की सैलरी का खर्च बढ़ चुका है। ऐसे में गैस की सप्लाई में संकट आने से रेस्टोरेंट चलाना और मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि अगर हालात नहीं सुधरे तो इसका असर हजारों कर्मचारियों की नौकरी पर भी पड़ सकता है।
अप्रैल से बढ़ सकती हैं कीमतें
नोएडा में ‘रेड मिर्ची’ रेस्टोरेंट के मालिक अजय के मुताबिक आमतौर पर मेन्यू की कीमतों में बढ़ोतरी जुलाई में की जाती है, लेकिन LPG संकट के चलते अप्रैल से ही 20-30 प्रतिशत तक दाम बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।
50-60% रेस्टोरेंट बंद होने की आशंका
नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो अगले दो से तीन दिनों में देशभर के 50 से 60 प्रतिशत रेस्टोरेंट बंद होने की स्थिति बन सकती है। इसका असर क्लाउड किचन और ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेवाओं पर भी पड़ सकता है।
सरकार ने रिफाइनरियों को दिया निर्देश
पेट्रोलियम मंत्रालय का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़े तनाव के कारण ग्लोबल सप्लाई प्रभावित हुई है। स्थिति से निपटने के लिए देश की रिफाइनरियों को LPG उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दे रही है। मंत्रालय की ओर से बनाई गई एक कमेटी होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर की गैस मांग की समीक्षा भी करेगी।