
रायपुर। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात पर भी देखने को मिला है। सुरक्षा कारणों से ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया, जिसके चलते कई इंटरनेशनल फ्लाइट्स को बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा। इस फैसले से देशभर के यात्रियों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के यात्री भी प्रभावित हुए हैं।
14 जनवरी को मुंबई से उड़ान भरने वाली और तेहरान एयर स्पेस से होकर गुजरने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को वापस मुंबई लौटने के निर्देश दिए गए। इन्हीं में रायपुर निवासी महावीर तालेड़ा भी शामिल हैं, जो अपने परिवार के साथ मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहे थे। उन्होंने बताया कि फ्लाइट ने तय समय पर उड़ान भरी थी, लेकिन करीब दो घंटे बाद पायलट ने तकनीकी और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए विमान को मुंबई वापस ले जाने की घोषणा की।
जानकारी के अनुसार, देर रात 2 बजे के बाद मुंबई से रवाना हुई कई उड़ानें ईरान के हवाई क्षेत्र से गुजरने वाली थीं। ईरान द्वारा एयर स्पेस बंद किए जाने की सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सभी संबंधित विमानों को लौटने के निर्देश दिए। इसके चलते सुबह करीब 4 बजे कई फ्लाइट्स मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड हुईं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।