डॉलर में गिरावट और कच्चे तेल की नरमी से सोने-चांदी की कीमतों में भारी उछाल

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने और कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने के चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी तेजी दर्ज की गई। ईरान और अमेरिका के बीच संभावित समझौते और सीजफायर की उम्मीदों के बीच निवेशकों ने कीमती धातुओं में जमकर खरीदारी की।

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, दिल्ली में चांदी की कीमत 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़कर 2.42 लाख रुपये के स्तर पर पहुंच गई। शुक्रवार को चांदी 2,37,000 रुपये पर बंद हुई थी, जिसमें सोमवार को 2.11 प्रतिशत का उछाल देखा गया। इसी तरह 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी 2,300 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई। इसके साथ ही सोना 1,53,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले सत्र में 1,51,500 रुपये पर था।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि कीमतों में हालिया गिरावट के बाद निवेशकों द्वारा की गई वैल्यू बाइंग ने बाजार को सहारा दिया है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, डॉलर की नरमी और तेल की कीमतों में गिरावट से सोने को मजबूती मिली है। हालांकि, जानकारों का यह भी कहना है कि पश्चिम एशिया के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों के चलते आने वाले दिनों में कीमतों में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रह सकती है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो हाजिर सोना 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,682.80 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा, जबकि चांदी 0.5 प्रतिशत बढ़कर 73.37 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। बाजार विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा ईरान को दी गई समय सीमा से पहले सुलह के संकेतों ने बाजार की धारणा को प्रभावित किया है। फिलहाल निवेशक वैश्विक परिस्थितियों और रोजगार के आंकड़ों पर नजर बनाए हुए हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *