नई दिल्ली। कर्नाटक के हुबली में भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने दावा किया है कि प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लेते समय पुलिस ने उसके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। यह महिला पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ता है जो हाल ही में भाजपा में शामिल हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला को कांग्रेस पार्षद सुवर्णा कल्लाकुंतला की शिकायत पर हिरासत में लिया गया था। शिकायत केशवापुर क्षेत्र में मतदाता सूची संशोधन के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद से जुड़ी है। आरोप है कि महिला ने अधिकारियों की मदद से कुछ मतदाताओं के नाम सूची से हटवाए, जिसे वह पूरी तरह नकारती है। इसी विवाद के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में झड़प हुई थी।
महिला का कहना है कि हिरासत के दौरान उसने विरोध किया और आपत्ति जताई, जिसके बाद पुलिस ने कथित रूप से उसके साथ दुर्व्यवहार किया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिससे इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। दोनों दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई हैं।
हुबली-धारवाड़ पुलिस आयुक्त ने महिला के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि महिला ने गिरफ्तारी से बचने के लिए खुद अपने कपड़े उतारे थे। पुलिस ने अभी तक हिरासत में कथित दुर्व्यवहार पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है। मामले की जांच जारी है।