डिंडोरी। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ासरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत किकरा तालाब चौराहे पर तेज रफ्तार सीमेंट राखड़ कैप्सूल और पिकअप वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तेज रफ्तार का कहर
जानकारी के अनुसार, राखड़ से भरा कैप्सूल टैंकर गोरखपुर की ओर से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे पिकअप वाहन के साथ इसकी भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक पिकअप सवारों को रौंदते हुए वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही गाड़ासरई थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है, पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का रेस्क्यू कर इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
पुलिस ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मृतकों के परिजनों से संपर्क कर आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।