कांगेर घाटी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से पिकअप सवार तीन की मौत, NH-30 पर लगा जाम…

जगदलपुर। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में आज एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर दरभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि पिकअप में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन पखनार के साप्ताहिक बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक के ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सीधे पिकअप से जा भिड़ा। टक्कर के बाद पिकअप वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक केबिन में फंस गया। सूचना मिलते ही दरभा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कटर मशीन की मदद से ट्रक चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि दोनों वाहन एक ही दिशा में चल रहे थे। पिकअप आगे थी और ट्रक पीछे से आ रहा था। ब्रेक फेल होने के कारण ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई। हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर यातायात बाधित हो गया है। पुलिस द्वारा जाम हटाकर यातायात बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *