तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार शाम अपने तीन दिवसीय अहम छत्तीसगढ़ दौरे पर राजधानी रायपुर पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से गृह मंत्री सीधे एक निजी होटल पहुंचे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।

रविवार को नक्सलवाद पर उच्चस्तरीय मंथन

दौरे के दूसरे दिन रविवार को गृह मंत्री अमित शाह राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। सूत्रों के अनुसार बैठक में नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन को लेकर स्पष्ट समय-सीमा तय किए जाने की संभावना है। साथ ही सुरक्षा बलों और प्रशासनिक अमले को नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज करने के निर्देश दिए जा सकते हैं।

बस्तर पंडुम के समापन समारोह में होंगे शामिल

समीक्षा बैठक के बाद अमित शाह बस्तर रवाना होंगे, जहां वे ‘बस्तर पंडुम’ महोत्सव के समापन कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह महोत्सव बस्तर की आदिवासी संस्कृति, लोककलाओं और परंपराओं का उत्सव है, जिसे राज्य सरकार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास कर रही है। कार्यक्रम के बाद सोमवार को गृह मंत्री जगदलपुर से सीधे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *