दिल दहला देने वाली घटना: शादी के जोड़े में फंदे पर लटका मिला प्रेमी जोड़ा

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले से एक रूह कपा देने वाली खबर सामने आई है। रहली थाना क्षेत्र के ग्राम मुठिया चांदपुर में एक पति-पत्नी ने मौत को गले लगा लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि आत्महत्या करने से पहले दोनों ने अपनी शादी के कपड़े पहने और फिर एक ही रस्सी के फंदे से लटक गए। इस खौफनाक कदम के बाद पूरे इलाके में मातम और सनसनी फैल गई है।

शादी के लिबास में दी जान

मृतकों की पहचान 21 वर्षीय राजेंद्र उर्फ गोलू और उसकी 22 वर्षीय पत्नी काजल पटेल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात दोनों ने घर के अंदर ही फांसी लगा ली। खुदकुशी से पहले राजेंद्र ने अपना शादी वाला सूट पहना और काजल ने अपनी शादी की साड़ी पहनी। इसके बाद दोनों ने एक साथ दुनिया को अलविदा कह दिया।

3 साल पहले हुआ था प्रेम विवाह

बताया जा रहा है कि राजेंद्र और काजल ने महज 3 साल पहले ही प्रेम विवाह (Love Marriage) किया था। शुरुआत में सब कुछ ठीक लग रहा था, लेकिन अचानक ऐसा क्या हुआ कि इस युवा जोड़े को इतना आत्मघाती कदम उठाना पड़ा, यह अभी भी एक रहस्य बना हुआ है। पड़ोसियों और परिजनों को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि दोनों के मन में क्या चल रहा है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही रहली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सागर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की हर एंगल से तफ्तीश कर रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *