गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र स्थित गौरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नशे में धुत एक पिता ने अपनी 20 वर्षीय बेटी की टेबल फैन से पीट-पीटकर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मौके से खून से सना टेबल फैन भी बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान बीए प्रथम वर्ष की छात्रा मनिका कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिता जनार्दन कमकर शराब और नशीली गोलियों का आदी है। घटना की रात घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आवेश में आकर जनार्दन ने टेबल फैन से बेटी के सिर पर कई वार किए। चोट इतनी गंभीर थी कि मौके पर ही मनिका की सांसें थम गईं।
पड़ोसियों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव के पास बैठकर रोने का नाटक करने लगा ताकि उस पर किसी को शक न हो। सुबह जब घर से चीख-पुकार की आवाजें आईं, तो स्थानीय लोग वहां पहुंचे। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर ग्रामीण दंग रह गए, जहां फर्श पर खून फैला था और पास ही टूटा हुआ पंखा पड़ा था।
ग्रामीणों का आरोप है कि जनार्दन का व्यवहार लंबे समय से हिंसक रहा है। उसकी नशे की आदतों के कारण लगभग दस वर्ष पहले उसकी पत्नी ने भी आत्महत्या कर ली थी। चर्चा यह भी है कि वह पूर्व में अपनी दूसरी बेटी को भी जहर देकर मारने का प्रयास कर चुका है।
कटेया थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में उसकी मानसिक स्थिति स्थिर नहीं लग रही है और वह बार-बार बयान बदल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सघन जांच जारी है।