बिलासपुर: पश्चिम बंगाल का हार्डकोर अपराधी गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस बरामद

बिलासपुर।
पुलिस ने पश्चिम बंगाल के एक हार्डकोर अपराधी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कट्टा, कारतूस, मोबाइल फोन और ट्रेन टिकट बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वह शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना से आया था। मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है।

ट्रेन से पहुंचा था बिलासपुर

सोमवार को आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) को सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल का एक आदतन अपराधी ट्रेन से यात्रा कर रहा है। इसके बाद आरपीएफ ने पश्चिम बंगाल पुलिस से आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई और उसकी पहचान से जुड़े संकेत प्राप्त किए।

इसी दौरान सूचना मिली कि संदिग्ध युवक बिलासपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में देखा गया है। जानकारी मिलते ही आरपीएफ ने स्थानीय पुलिस को अवगत कराया।

पुलिस-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई

इसके बाद पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने कंट्रक्शन कॉलोनी के पास घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से

  • एक देशी कट्टा
  • कारतूस
  • दो मोबाइल फोन
  • तीन ट्रेन टिकट
    बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कई मामलों में रह चुका है जेल

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सद्दाम हसन शेख (32 वर्ष) निवासी कठुआ केसिया, जिला पूर्व वर्धमान (पश्चिम बंगाल) बताया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी का बिलासपुर आने का उद्देश्य क्या था।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *