Group of 6 leopards : शहर के पास दिखा 6 तेंदुओं का ग्रुप

शहर के पास दिखा 6 तेंदुओं का ग्रुप

कांकेर में पहाड़ी पर 3 शावक भी मौजूद; दहशत में लोग, मुनादी कराई गई

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में तेंदुओं का समूह देखा गया है। इनमें 3 शावक सहित 6 तेंदुए शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये तेंदुए शहर से सटे जंगल के पहाड़ी पर बैठे दिखाई दिए हैं। इस दौरान ग्रामीणों ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, वीडियो मंगलवार शाम करीब 5 बजे कांकेर वन परिक्षेत्र के डुमाली जंगल का है। कुछ ग्रामीण उधर से निकल रहे थे, तभी उनकी नजर पड़ी। फिलहाल शहर से सटे जंगल में तेंदुए देखे जाने से इलाके में डर का माहौल है। यहां पहले से ही भालुओं से लोग परेशान हैं।

ग्रामीणों को अलर्ट किया गया
ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ देखे जाने के बाद तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। साथ ही आसपास के लोगों को भी अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। जंगली जानवर कई बार ग्रामीणों पर अटैक कर चुके हैं। इससे लोगों में डर का माहौल है।

लगातार मॉनिटरिंग कर रहा वन अमला
वन विभाग भी अलर्ट मोड पर है। लोगों को जंगल की ओर जाने से रोका जा रहा है। साथ ही कांकेर वन परिक्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में मुनादी कराई जा रही है, ताकि लोगों को सावधान किया जा सके। वन अमला इलाके में लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।
https://aajkijandhara.com/fire-breaks-out-in-gold-and-silver-factory-machines-worth-crores-destroyed-in-fire-in-gold-and-silver-factory/

आमाझोला इलाके में दिखाई दिए तेंदुए के शावक
कांकेर वन परिक्षेत्र के आमाझोला इलाके में भी सोमवार की रात तकरीबन 8 बजे ग्रामीणों ने तेंदुए के शावकों को देखा था। रास्ते से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने बताया कि शावक औऱ उसके साथ तेंदुआ सडक़ पार करते दिखे थे।

पहाड़ी में तेंदुए और भालुओं की आवाजाही
बता दें कि कांकेर वन परिक्षेत्र से लगे ग्राम डुमाली में आए दिन जंगली जानवर देखे जाते हैं। पहाड़ी में तेंदुए और भालुओं की हमेशा आवाजाही बनी रहती है। तेंदूए और भालू कई बार पहाड़ी से उतर कर रहवासी इलाके में घुस आते हैं।