रायपुर, 27 फरवरी 2026। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आज विधानसभा स्थित समिति कक्ष में प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव और आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि रायपुर साहित्य महोत्सव की तर्ज पर नवा रायपुर में 27 और 28 मार्च को भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए एक पोर्टल भी तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से पंजीयन किया जा रहा है। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ी लोक परंपरा और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ के लोगों को राज्य के लोगों से जोड़ने की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन राज्य और प्रवासी छत्तीसगढ़ियों दोनों के लिए बेहतर अवसर साबित होगा। उन्होंने सम्मेलन में आने वाले प्रवासी नागरिकों को उनकी आवश्यकतानुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सम्मेलन के सफल आयोजन में सहयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहकर अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले छत्तीसगढ़ के लोगों को सम्मेलन में सम्मानित भी किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ प्रवासी छत्तीसगढ़ियों द्वारा युवाओं के लिए मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे उन्हें लाभ मिलेगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रवासी नागरिकों को राज्य में निवेश के लिए भी आमंत्रित किया जाएगा। यदि कोई प्रवासी नागरिक किसी क्षेत्र में निवेश या कार्य करने की सहमति देता है तो उसके साथ एमओयू भी किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की भी व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, स्टेट कैपिटल रीजन के सीईओ अंकित आनंद, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, गृह विभाग की सचिव नेहा चंपावत, ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्याम धावड़े, चंदन कुमार और संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।