सोने ने बनाया नया रिकॉर्ड, पहली बार 1.60 लाख के पार; चांदी 3.58 लाख रुपए प्रति किलो

मुंबई: सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को दोनों कीमती धातुओं ने नया रिकॉर्ड कायम किया। हाजिर बाजार में सोना पहली बार 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया, जबकि चांदी 3.58 लाख रुपये प्रति किलो से ऊपर पहुंच गई।

इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत 5,734 रुपये की बढ़ोतरी के साथ ऑल टाइम हाई 1,64,635 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई, जो इससे पहले 1,58,901 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। वहीं, 22 कैरेट सोना 1,45,553 रुपये से बढ़कर 1,50,806 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है।
18 कैरेट सोने की कीमत भी 1,19,176 रुपये से बढ़कर 1,23,476 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।

चांदी की कीमत में भी जोरदार उछाल देखने को मिला। यह 13,703 रुपये की तेजी के साथ 3,58,267 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई, जो पहले 3,44,564 रुपये प्रति किलो थी।

हाजिर बाजार के साथ-साथ एमसीएक्स पर भी सोने-चांदी की कीमतों में मजबूती देखी गई। एमसीएक्स पर सोने का 5 फरवरी 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 3.80 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,63,697 रुपये पर पहुंच गया। वहीं, चांदी का 5 मार्च 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 6.13 प्रतिशत बढ़कर 3,78,109 रुपये प्रति किलो हो गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी में मजबूती बनी हुई है। सोना 3.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,287 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 5.78 प्रतिशत की तेजी के साथ 112 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।

एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी विशेषज्ञ जतिन त्रिवेदी के अनुसार, एमसीएक्स पर सोने की कीमतों में करीब 4 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। बाजार की नजर अमेरिका में होने वाली फेडरल रिजर्व की बैठक पर बनी हुई है, जहां ब्याज दरों में बदलाव की संभावना कम मानी जा रही है। इससे सोने को समर्थन मिल रहा है।

इसके अलावा, अमेरिका से जुड़ी टैरिफ अनिश्चितता और सुरक्षित निवेश विकल्पों में लगातार बढ़ता निवेश भी सोने-चांदी की कीमतों को मजबूती दे रहा है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय से जारी तेज तेजी के बाद सोना अब ओवरहीट जोन में प्रवेश कर रहा है, जिससे आगे अस्थिरता बढ़ सकती है। तकनीकी स्तर पर सोने के लिए 1,66,000 रुपये के आसपास रुकावट, जबकि 1,60,000 रुपये के स्तर पर मजबूत सपोर्ट देखा जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *