गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नहरगांव पुल से कूदकर एक युवती ने आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से युवती को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। युवती बारूका की रहने वाली है, जबकि युवक तँवरबहरा गांव का निवासी बताया गया है। अस्पताल में दिए गए बयान में युवती ने बताया कि उसने युवक से शादी की है, लेकिन अब युवक इस रिश्ते से इनकार कर रहा है। इसी बात से मानसिक रूप से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है और युवती के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवती के स्वस्थ होने के बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। फिलहाल जिला अस्पताल में युवती का इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।