
राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नरैय्या तालाब के पास शुक्रवार सुबह एक युवती की लाश पेड़ से लटकी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
युवती कौन है और घटनास्थल तक कैसे पहुंची, इस बारे में फिलहाल कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और गुमशुदा महिलाओं की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है।

मामले की जांच के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवती अकेली थी या किसी के साथ वहां आई थी।
पुलिस आत्महत्या और हत्या—दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस घटना के बाद नरैय्या तालाब और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को मृत युवती के संबंध में कोई जानकारी हो, तो तत्काल कोतवाली थाना पुलिस को सूचित करें।


