कांकेर। जिले में 37वें सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन समारोह शुक्रवार को न्यू कम्युनिटी हॉल कांकेर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन यातायात पुलिस कांकेर द्वारा किया गया।
समारोह का आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश के मार्गदर्शन एवं डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, डीएसपी (बस्तर फाइटर्स) के पर्यवेक्षण में किया गया। यातायात प्रभारी RI दीपक साव के नेतृत्व में माह भर चले सड़क सुरक्षा अभियान का औपचारिक समापन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर विधायक आशाराम नेताम एवं कलेक्टर कांकेर निलेश कुमार क्षीरसागर रहे। विशेष अतिथि के रूप में मछुवा कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, नगरपालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, भाजपा जिला अध्यक्ष महेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कृष्ण कुंज गौ सेवा संस्थान के गौ सेवक वीरेंद्र यादव एवं विशाल गुप्ता को उनके उत्कृष्ट एवं निस्वार्थ सेवा कार्य के लिए पुलिस विभाग द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं एड किट देकर सम्मानित किया गया। दोनों गौ सेवक 24 घंटे गौ सेवा में तत्पर रहते हुए अपने संसाधनों के बल पर निरंतर सेवा कार्य में जुटे रहते हैं। उनकी समर्पित कार्यशैली और समाज के प्रति योगदान की सभी अतिथियों एवं अधिकारियों ने सराहना की।
समारोह के अंत में सड़क सुरक्षा को लेकर आम नागरिकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।