पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने सीएम विष्णु देव साय से की मुलाकात, खेल अधोसंरचना और प्रतिभा विकास पर हुई चर्चा

रायपुर। प्रदेश में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने आज नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने कपिल देव का बेल मेटल से बनी प्रतिकृति और पुण्यभूमि छत्तीसगढ़ कॉफी टेबल बुक भेंट कर स्वागत किया। बैठक के दौरान प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, आधुनिक खेल अधोसंरचना के विकास, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खेलों के प्रोत्साहन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और अवसरों का विस्तार सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

पूर्व कप्तान कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा, विश्वास और विकास के अनुकूल वातावरण में प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि रायपुर सहित पूरा राज्य सुरक्षित, समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के रूप में आगे बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *