सरकारी दफ्तर में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, फर्नीचर और दस्तावेज नष्ट, एएसपी ने लिया स्थिति का जायजा

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में जिला सहायक संचालक मछली पालन विभाग के कार्यालय में रविवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने कार्यालय के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखी महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य जरूरी सामान जलकर खाक हो गए। इस आगजनी में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान जताया जा रहा है। यह घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के तहत घटी।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के मोहल्लेवासियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना के बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन अंततः आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

चक्रधर नगर थाना प्रभारी और पुलिस बल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को सुरक्षित किया और एहतियातन आसपास के लोगों को वहां से दूर रखा।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी वास्तविक वजह का पता विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। मछली पालन विभाग के अधिकारी मौके पर उपस्थित होकर हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

एएसपी अनिल कुमार सोनी ने जानकारी दी कि मछली पालन विभाग के कार्यालय में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है और नुकसान का आकलन संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *