दुर्ग। कोतवाली थाना अंतर्गत सिद्धार्थ नगर में मंगलवार शाम एक सामाजिक बैठक के दौरान विवाद हो गया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घटना में एक परिवार की महिलाओं पर आरोप है कि उन्होंने टॉयलेट क्लीनर फेंका और नुकीली वस्तुओं से हमला किया। पुलिस ने सभी आरोपी संजोग सूर्या, दीक्षा सूर्या, पलक ठाकुर, भूरी उर्फ आइशा कास्या और दो नाबालिग बालिकाओं को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। सभी के खिलाफ धारा 296, 351 (3), 115 (2), 191 (2), 124 (2) और 133 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रार्थी हरिशंकर मनहरे ने बताया कि संजोग सूर्या और उनके परिवार की महिलाएं लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों में लिप्त थीं। इसी मामले को लेकर 1 दिसंबर को काली मंदिर प्रांगण में सामाजिक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें संजोग सूर्या को बुलाया गया। पुलिस ने बताया कि समझाइश देने के प्रयास के बावजूद संजोग और उनकी बेटियां तथा सहेलियां भड़क गईं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिलाओं ने मारपीट कर नुकीली वस्तुओं से हमला किया और अचानक टॉयलेट क्लीनर फेंक दिया। हरिशंकर मनहरे को पेट और सिर के पीछे चोटें आईं, जबकि निलेश साण्डेकर की दाहिनी आंख और सोनी कुण्डे की बायीं आंख में जलन और तेज दर्द हुआ। भीड़ में दहशत फैलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले की जांच पुलिस द्वारा जारी है।