महासमुंद। जिला कांग्रेस भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के बाद पार्टी पदाधिकारियों के बीच आपसी विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। नवनियुक्त कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष विजय साव, पूर्व ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद और कार्यकर्ता निर्मल जैन के बीच हुई इस मारपीट में कार्यालय के कांच और कुर्सियां टूट गईं। स्थिति अनियंत्रित होते देख स्थानीय पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
घटनाक्रम के अनुसार, गुरुवार दोपहर को खल्लारी विधायक एवं जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने महंगाई के मुद्दे पर पत्रकार वार्ता बुलाई थी। इसमें पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम संपन्न होने और मीडिया कर्मियों के जाने के बाद करीब साढे़ तीन बजे संगठन की सूचना प्रणाली और पदाधिकारियों की उपस्थिति को लेकर बहस शुरू हो गई।
विवाद इतना बढ़ा कि जिला उपाध्यक्ष विजय साव, ढेलू निषाद और निर्मल जैन एक-दूसरे पर कुर्सियों से वार करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस झड़प में नेताओं के कपड़े फट गए और कार्यालय परिसर में कांच के टुकड़े बिखर गए। हंगामे की सूचना मिलते ही जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद सिटी कोतवाली प्रभारी दिनेश यादव दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को स्थिति शांत कराने और विजय साव को परिसर से बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस घटना से नाराज अन्य कांग्रेस नेताओं ने विजय साव की कार्यशैली पर कड़ा रोष व्यक्त किया है और उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए सिटी कोतवाली का रुख किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिसर में शांति व्यवस्था कायम कर दी गई है।
