मंडला। मध्यप्रदेश में तेज रफ्तार वाहनों के कारण होने वाले सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मंडला जिले का है, जहां नेशनल हाईवे 30 पर शुक्रवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना गढ़ी थाना क्षेत्र के चारटोला के पास हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई।
भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस हादसे में तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सैयाम के अनुसार, मृतकों में करंजिया माल निवासी 36 वर्षीय जगदीश यादव शामिल हैं, जबकि अन्य दो युवक जामुन टोला के बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि जगदीश यादव अपनी बेटी की शादी के कार्ड बांटने निकले थे, लेकिन घर में खुशियां आने से पहले ही इस हादसे ने परिवार की उम्मीदें तोड़ दीं। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुए इस हादसे से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।