दिल्ली से लेह जा रहे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, हवा में चिंगारी दिखने के बाद सुरक्षित लौटा स्पाइसजेट का जहाज

नई दिल्ली। दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट के एक विमान को मंगलवार को तकनीकी खराबी के कारण आपात स्थिति में वापस उतारना पड़ा। विमान ने जैसे ही उड़ान भरी, उसके कुछ ही मिनटों बाद उसमें अचानक चिंगारी और आग की लपटें देखी गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत दिल्ली हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया।

विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, हालांकि इस घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल रहा। फिलहाल यात्रियों को हवाई अड्डे पर ही रोककर संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में इस आपात स्थिति का कारण तकनीकी खराबी बताया जा रहा है।

देश में विमानों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। वर्ष 2026 में अब तक भारत में तीन प्रमुख विमान हादसे दर्ज किए जा चुके हैं। हालांकि बड़े व्यावसायिक यात्री विमानों में अब तक कोई बड़ा क्रैश नहीं हुआ है, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते हो रही इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाएं डराने वाली हैं।

हाल के महीनों में हुए हादसों पर नजर डालें तो 28 जनवरी को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें उनके समेत 6 लोगों की जान चली गई थी। इससे पहले 10 जनवरी को ओडिशा के पास एक सेसना 208 विमान की फोर्स्ड लैंडिंग के दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई थी। वहीं, बीते कल 23 फरवरी को झारखंड में रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस क्रैश हो गई थी, जिसमें मरीज और डॉक्टरों सहित सभी 7 लोगों की मौत हो गई।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *