अंबिकापुर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर और जगदलपुर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। यह धमकी कोर्ट कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजे गए एक संदिग्ध ई-मेल के जरिए दी गई।
धमकी मिलने की सूचना के बाद सुरक्षा कारणों से न्यायालय परिसर को तत्काल खाली कराया गया। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए हैं और बम निरोधक दस्ते द्वारा पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह ई-मेल सुबह के समय प्राप्त हुआ था, जिसमें दोनों न्यायालयों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान की कोशिश जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी बिलासपुर और राजनांदगांव के जिला न्यायालयों को इसी तरह ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।