अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर स्थित घाटबर्रा गांव में कोल माइंस विस्तार कार्य के दौरान एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि श्मशान घाट के पास खुदाई के दौरान डरावनी आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, श्मशान घाट के करीब बुलडोजर से काम किए जाने के दौरान जेसीबी चालक ने कुछ असामान्य आवाजें सुनीं। दावा किया जा रहा है कि चालक ने इन आवाजों को रिकॉर्ड भी किया है और घटना के बाद से उसकी तबीयत खराब हो गई है। इस घटना से उपजे डर और तनाव के कारण प्रशासन और संबंधित प्रबंधन ने फिलहाल रात के समय होने वाली माइनिंग की प्रक्रिया को रोक दिया है।
ग्रामीणों का मानना है कि श्मशान घाट के पास अलौकिक शक्तियों का वास है और वे इन डरावनी आवाजों के माध्यम से खुदाई का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों ने श्मशान घाट को बचाने की मांग की है। हालांकि, आधुनिक दौर में इस तरह के दावों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और इस मामले में लगातार नए अपडेट सामने आ रहे हैं।