भिलाईनगर। भिलाई में पहली बार सनातन धर्म के ध्वजवाहक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दिव्य श्री हनुमंत कथा सुनाएंगे. यह कथा 25 से 29 दिसंबर तक जयंती स्टेडियम के समीप ग्राउंड में पंडित शास्त्री प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे.
इस संबंध में आयोजित पत्रवार्ता में श्री हनुमंत कथा के आयोजक एवं छत्तीसगढ़ खादी ग्राम उद्योग आयोग के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने बताया कि कथा के अंतर्गत 27 दिसंबर को विशेष दिव्य दरबार का आयोजन होगा. इसमें पंडित शास्त्री श्रद्धालुओं की पर्ची निकालकर समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे. पाण्डेय ने कहा कि सेवा समर्पण समिति, दुर्ग द्वारा आयोजित इस भव्य कथा के लिए तैयारियां प्रारंभ हो गयी हैं. छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, आयोजन समिति के अध्यक्ष पंडित वीरेन्द्र प्रसाद शुक्ला के साथ अन्य जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी आयोजन की तैयारियों में लग गए हैं. इस भव्य आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है.

पाण्डेय ने आगे कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेवा समर्पण समिति द्वारा विशाल एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं की जा रही हैं. अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की क्षमता वाला भव्य डोमशेड सुव्यवस्थित वाहन पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी ताकि आवागमन बाधित न हो सके. पत्रवार्ता में सेवा समर्पण समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र शुक्ला, पद्मश्री उषा बारले, लोधी समाज से सुरेंद्र कौशिक, जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, चंद्रिका चंद्राकर, खिलावन साहू, सत्येंद्र सिंह, नटवर ताम्रकार उपस्थित थे.

श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था
कथा के दौरान प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं हेतु निःशुल्क भोजन, पेयजल एवं शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था, सुरक्षा हेतु पूरे स्थल पर बेरीकेटिंग कथास्थल के समीप व्यवसाइयों को रियायती दरों पर स्टॉल आवंटित किए जाएंगे, जिसमें खाद्य सामग्री एवं धार्मिक वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी. इस आयोजन में साहू समाज, यादव समाज, सिख समाज, अग्रवाल समाज, माहेश्वरी समाज, चंद्राकार समाज, देवांगन समाज, पूज्य सिंधी पंचायत चैंबर ऑफ कॉमर्स विभिन्न व्यापारिक संगठन सहित विभिन्न सामाजिक एवं समाजसेवी संस्थाओं का सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है.