मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी: घोटिया गांव में शव दफनाने को लेकर विवाद, पुलिस-प्रशासन की मध्यस्थता से समाधान

मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी। जिले के खड़गांव थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया में धर्मांतरित परिवार के एक बुजुर्ग के निधन के बाद शव दफनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद उत्पन्न हो गया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी, लेकिन पुलिस एवं प्रशासन की समय पर हस्तक्षेप एवं सक्रिय प्रयासों से विवाद शांतिपूर्ण ढंग से समाधान हो गया।

जानकारी के अनुसार मृतक सुकाल सिंह मंडावी (आयु 80 वर्ष) का निधन कांकेर जिले के अस्पताल में हुआ था। परिवार ने शव को पैतृक गांव घोटिया लाकर ईसाई धर्मावलंबियों की उपस्थिति में दफनाने का प्रयास किया। शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। ग्रामीणों का कहना था कि मृतक एवं उनका परिवार ईसाई धर्म अपनाकर पारंपरिक रीति-रिवाजों से अलग हो चुके हैं, इसलिए गांव में दफनाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

विवाद बढ़ने पर खड़गांव थाना प्रभारी संजय यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों से वार्ता की। वार्ता में यह सहमति बनी कि शव का अंतिम संस्कार ग्राम घोटिया में नहीं, बल्कि मानपुर स्थित ईसाई कब्रिस्तान में किया जाएगा।

इस निर्णय के बाद ग्रामीणों ने विरोध वापस ले लिया तथा परिवार ने पुलिस निगरानी में शव को घोटिया से मानपुर ब्लॉक मुख्यालय के कब्रिस्तान तक पहुंचाया। नायब तहसीलदार दिलीप साहू एवं राज आशीष की उपस्थिति में परिजनों ने देर शाम ईसाई विधि से अंतिम संस्कार संपन्न किया।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक एवं उनका परिवार पिछले लगभग दस वर्षों से ईसाई धर्म का पालन कर रहे थे। ग्रामीण पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संस्कार चाहते थे, जिसे परिजन स्वीकार नहीं कर सके।

थाना प्रभारी संजय यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की समझदारी एवं पुलिस की सक्रिय भूमिका से स्थिति नियंत्रण में रही तथा कोई बड़ी घटना नहीं हुई। उन्होंने सभी से अपील की कि आपसी मतभेदों को शांति एवं संवाद से सुलझाया जाए।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *