रायपुर। छत्तीसगढ़ के दिव्यांग आर्चरी खिलाड़ियों को अब तीरंदाजी की सभी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग तीरंदाज होरीलाल यादव और लक्की सोनी को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं और उपकरण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

जनदर्शन में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने बताया कि वे दिव्यांग तीरंदाजी के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं और आगामी फरवरी माह में पटियाला में होने वाली नेशनल आर्चरी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय आर्चरी स्पर्धाओं में देश और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं, जिसके लिए उन्हें उच्च गुणवत्ता वाले खेल उपकरणों और प्रशिक्षण सुविधाओं की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खिलाड़ियों की बात को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों को लगातार बढ़ावा दे रही है और दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने खेल कौशल को और निखारें, सरकार उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने दोनों तीरंदाजों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन होगा।