चारामा में जर्जर सुलभ शौचालय बना मुसीबत, पार्षद और महिलाओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

नगर पंचायत चारामा: 15 वर्ष से अधिक पुराना जर्जर सुलभ शौचालय बना वार्डवासियों के लिए जी का जंजाल, पार्षद और महिलाओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
चारामा संवाददाता-अनूप वर्मा

 नगर पंचायत चारामा के वार्ड क्रमांक 10 (चंद्रशेखर आजाद वार्ड) में स्थित एक पुराना सार्वजनिक सुलभ शौचालय इन दिनों स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुका है। 15 वर्ष से अधिक पूर्व निर्मित यह शौचालय आज पूरी तरह जर्जर और उपयोगविहीन हो चुका है।

अंदर से पूरी तरह क्षतिग्रस्त, हल्की बारिश में भी बाहर बहती है गंदगी
शौचालय के भीतर की स्थिति बेहद बदतर हो चुकी है। अंदर की सीटें पूरी तरह टूट-फूट गई हैं और इसका सेफ्टी टैंक भी जगह-जगह से फूट चुका है। आलम यह है कि थोड़ी सी भी बारिश होने पर टैंक का पूरा मलबा और गंदगी उफनकर बाहर सड़कों और गलियों में फैलने लगती है। वर्तमान में लगभग हर घर में निजी शौचालय बन चुके हैं, जिसके कारण इस सार्वजनिक शौचालय का कोई उपयोग भी नहीं हो रहा है, फिर भी यह केवल गंदगी और बीमारियां फैलाने का जरिया बना हुआ है।
कलेक्टर के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
लंबे समय से इस नारकीय स्थिति को झेल रहे वार्डवासियों का गुस्सा अब फूट पड़ा है। आज वार्ड क्रमांक 10 की पार्षद श्रीमती चन्द्रिका छोटी देवांगन के नेतृत्व में वार्ड की बड़ी संख्या में महिलाओं और नागरिकों ने एकजुट होकर कलेक्टर के नाम एसडीएम (SDM) को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में वार्डवासियों ने साफ तौर पर कहा है कि पिछले एक साल से इस समस्या को लेकर नगर पंचायत में कई बार शिकायतें की गईं, ‘सुशासन तिहार’ में भी आवेदन दिया गया, लेकिन आज तक इस जर्जर ढांचे को हटाने (डिसमेंटल करने) के लिए कोई प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की गई।
शासन स्तर पर अटका है मामला: सीएमओ हेमंत नेताम
इस संबंध में जब नगर पंचायत चारामा के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) हेमंत नेताम से जानकारी ली गई, तो उन्होंने बताया कि पिछले साल वार्ड पार्षद द्वारा इस संबंध में आवेदन दिया गया था। पार्षद के आवेदन के आधार पर मेरे द्वारा इस जर्जर भवन को डिस्मेंटल (ध्वस्त) करने का प्रस्ताव तैयार कर उच्च स्तर पर शासन को भेज दिया गया था। परंतु, शासन की ओर से अब तक इस पर किसी प्रकार का कोई जवाब या स्वीकृति नहीं मिल पाई है, जिसके कारण आगे की कार्रवाई रुकी हुई है।
आक्रोशित हैं वार्डवासी, तत्काल कार्रवाई की मांग
पार्षद और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अधिकारियों और शासन के बीच कागजी कार्रवाई के फेर में वार्ड के लोग बदबू और गंदगी के बीच जीने को मजबूर हैं। आए दिन वार्ड के लोगों और बच्चों की तबीयत खराब हो रही है। यदि प्रशासन ने इस विषय की गंभीरता को देखते हुए इस जर्जर व फूटे हुए शौचालय को तत्काल यहां से हटाने की कार्रवाई नहीं की, तो वार्डवासी आगे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
रिपोर्ट: अनूप वर्मा, जनधारा न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *