रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 नवंबर को शाम लगभग 7:30 बजे विशेष विमान से रायपुर पहुंचेंगे। वे 28 और 29 नवंबर को नवा रायपुर स्थित स्पीकर हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे और 30 नवंबर को करीब 5:30 बजे दिल्ली लौटेंगे। अपने प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री आईआईएम नवा रायपुर परिसर में आयोजित होने वाले 60वें अखिल भारतीय डीजीपी-आईजीपी कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ करेंगे। सम्मेलन में वे दो दिनों तक आंतरिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विमर्श में हिस्सा लेंगे।
इस उच्चस्तरीय सम्मेलन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम पूरी तरह नवा रायपुर स्थित आईआईएम परिसर में प्रस्तावित है, जहां देशभर से लगभग 300 विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। इनमें विभिन्न राज्यों के पुलिस महानिदेशक, अर्धसैनिक बलों के महानिदेशक तथा अतिरिक्त महानिदेशक शामिल हैं।
इस आयोजन को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार और पुलिस प्रशासन ने पिछले तीन महीनों से व्यापक तैयारियां की हैं। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में कुछ अतिरिक्त गतिविधियां शामिल होने की संभावना है, जिनमें भाजपा कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) का संभावित दौरा भी है, हालांकि इस संबंध में पीएमओ की आधिकारिक स्वीकृति अभी नहीं मिली है।
सम्मेलन के दौरान नक्सल उन्मूलन सहित आंतरिक सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। नवा रायपुर में आने वाले वरिष्ठ अधिकारियों के आवास, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की है।