रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने राज्य सरकार से बड़ी मांग रखी है। फेडरेशन ने प्रदेश के सभी शासकीय कर्मचारियों को पुलिस के समान संशोधित वेतन पैकेज देने और दुर्घटना की स्थिति में एक करोड़ रुपये का बीमा कवरेज लागू करने की मांग की है।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र भेजा है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि राज्य के स्थायी कर्मचारियों को छत्तीसगढ़ पुलिस के समान संशोधित वेतन पैकेज का लाभ मिलना चाहिए, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा के साथ सामाजिक सम्मान भी प्राप्त हो सके।
कमल वर्मा ने पत्र में बताया कि भारतीय स्टेट बैंक (SBI) राज्य शासन के कर्मचारियों के हित में निरंतर कार्य करता आया है। इसी उद्देश्य से बैंक ने संशोधित वेतन पैकेज का प्रस्ताव राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग को 6 मार्च 2025 और 17 सितंबर 2025 को भेजा था।
प्रस्ताव के अंतर्गत बैंक द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के कर्मचारियों को कई महत्वपूर्ण बीमा सुविधाएं निःशुल्क देने का प्रावधान है। इसमें प्रमुख रूप से सभी प्रकार की दुर्घटनाओं पर 1 करोड़ रुपये का बीमा और वायु दुर्घटना बीमा के रूप में 1.60 करोड़ रुपये तक का कवरेज शामिल है।
फेडरेशन का कहना है कि यदि राज्य सरकार इस प्रस्ताव को स्वीकृति देती है, तो यह प्रदेश के लाखों कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इससे न केवल कर्मचारियों की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि शासन के प्रति उनका विश्वास भी और मजबूत होगा।