दरिंदगी से दहला दरभंगा: 6 साल की मासूम से रेप के बाद हत्या, भड़के लोगों ने किया सड़क जाम और पथराव, पुलिस का लाठीचार्ज

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी ने पूरे इलाके में आक्रोश की आग भड़का दी है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में शनिवार शाम से लापता बच्ची का शव रविवार को पोखर (तालाब) किनारे खून से लथपथ हालत में मिला। दुष्कर्म के बाद हत्या की इस वीभत्स घटना ने लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया, जिसके बाद शहर के कई हिस्सों में भारी बवाल, आगजनी और पुलिस के साथ हिंसक झड़पें देखने को मिलीं।

पोखर किनारे मिला मासूम का शव मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची शनिवार शाम से ही लापता थी और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। रात के समय तालाब किनारे कुत्तों के लगातार भौंकने पर परिजनों को संदेह हुआ। जब वे वहां पहुंचे, तो बच्ची का क्षत-विक्षत शव देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।

सड़कों पर उतरा जनसैलाब, महिलाओं ने उठाए लाठी-डंडे रविवार सुबह होते-होते विरोध-प्रदर्शन उग्र हो गया। बड़ी संख्या में आक्रोशित लोग सड़कों पर उतर आए और टायर जलाकर आगजनी की। इस प्रदर्शन की खास बात यह थी कि न्याय की मांग को लेकर महिलाएं भी हाथों में लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर मोर्चा संभालती नजर आईं। भीड़ का गुस्सा इतना ज्यादा था कि लोग पुलिस से आरोपी को उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे ताकि वे खुद उसका फैसला कर सकें।

पुलिस और जनता के बीच झड़प, करना पड़ा लाठीचार्ज स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते पथराव में बदल गई। भीड़ को तितर-बितर करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को अंततः लाठीचार्ज करना पड़ा। इस संघर्ष के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी से खुला राज दरभंगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी विकास महतो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *