दुर्ग: अवैध नशा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मोहन नगर पुलिस ने 22 किलो अवैध गांजा बरामद कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेजा गया है।
पत्रकार वार्ता में एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने मामले की जानकारी दी. वहीं इस दौरान क्राइम डीएसपी अजय सिंह भिलाई नगर थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा मौजूद थे.

➡️ संदिग्ध बैगों से बरामद हुआ गांजा
मोहन नगर पुलिस स्टाफ दुर्ग-धमधा रोड स्थित सूर्या होटल के पास वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान दो युवक बड़े पिट्ठू बैग लेकर आते दिखे। पूछताछ में उन्होंने गोलमोल जवाब दिए और ट्रेन पकड़ने की बात कहकर भागने लगे।
पुलिस ने तुरंत दोनों को पकड़ लिया।
बैग की तलाशी लेने पर 22 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही पंचनामा बनाकर गांजा जब्त किया गया।
➡️ ओडिशा से मुंबई ले जा रहे थे गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर मुंबई जा रहे थे। इसमें दुर्ग निवासी राहुल तिवारी की भूमिका सामने आई,
जिसने ओडिशा के तस्करों से सस्ते दाम पर गांजा दिलाने और उसे सुरक्षित मुंबई तक भेजने की व्यवस्था की थी।
इसके एवज में आरोपियों ने राहुल तिवारी को 1 लाख रुपये कमीशन देने की बात भी स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने राहुल तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया।
➡️ गिरफ्तार आरोपी
- साजिद अली (45 वर्ष) – शिवाजी नगर, गोवंडी, मुंबई
- मोहम्मद शकील कुरैशी (40 वर्ष) – शिवाजी नगर, गोवंडी, मुंबई
- राहुल तिवारी (29 वर्ष) – बैजनाथ पारा, दुर्ग
👉 पुलिस ने मामला अपराध क्रमांक 468/2025 धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर लिया है और आगे की विवेचना जारी है।