कांग्रेस विधायक की पत्नी ने की सुसाइड की कोशिश, रायपुर रेफर करने की तैयारी

जगदलपुर। बस्तर सीट से कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी सुमित्रा बघेल (51 वर्ष) ने मंगलवार सुबह स्टेट बैंक चौक स्थित अपने निवास पर आत्मघाती कदम उठाते हुए धारदार औजार से खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। उनके हाथ, पेट और गले में गहरी चोटें आई हैं। उन्हें जिला चिकित्सालय महारानी अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया है। सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है।

उपचार कर रही चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस ने परिजनों से घटना को लेकर जानकारी ली है। परिजनों के अनुसार कुछ माह पहले सुमित्रा बघेल की माता का निधन हुआ था, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में थीं। बताया गया कि पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत भी ठीक नहीं थी।

घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है। उस समय विधायक लखेश्वर बघेल घर पर ही मौजूद थे। किसी काम से कमरे में जाने पर उन्होंने सुमित्रा को बाथरूम के पास अचेत अवस्था में पड़ा देखा, जहां उनके हाथ, पेट और गले से रक्तस्राव हो रहा था। इसके बाद वे तत्काल उन्हें वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया।

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक राजमन बेंजाम, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता अस्पताल पहुंचे। सुमित्रा बघेल कश्यप पेशे से शिक्षिका हैं। परिजनों ने बताया कि उनकी स्थिति में सुधार है, हालांकि बेहतर उपचार के लिए उन्हें रायपुर ले जाने की तैयारी की जा रही है।

शहर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार ने अस्पताल में मीडिया को बताया कि पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली है और मामले की जांच जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *