रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। उत्तर एवं मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने तथा सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक पहुंच चुका है तथा आने वाले दिनों में और गिरावट से ठंड बढ़ सकती है। विभाग ने रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर एवं बलरामपुर जिलों में एक-दो क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है।
रायपुर में अगले दो दिनों तक कोहरा एवं कड़ाके की ठंड रहने का अनुमान है। आज अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने नागरिकों से ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने एवं आवश्यक एहतियात अपनाने की अपील की है।