मुख्य सचिव ने दिए निर्देश, मिशन कर्मयोगी के आई-गॉट प्लेटफॉर्म से जुड़ेंगे प्रदेश के सभी सरकारी विभाग

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने राज्य शासन के सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विभागों को अनिवार्य रूप से मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत आई-गॉट ट्रेनिंग कार्यक्रम से ऑन-बोर्ड कर लें। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को भी व्यक्तिगत रूप से अपने मोबाइल के जरिए इस डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से जुड़ने के लिए कहा है, ताकि विभागीय आवश्यकताओं के अनुसार उनके कौशल विकास को बढ़ावा दिया जा सके।

आज आई-गॉट प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित साधना सप्ताह कार्यशाला में मुख्य सचिव ने शत-प्रतिशत ऑन-बोर्डिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभाग प्रमुख अपने-अपने विभाग की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षण कोर्स तय करें, जिससे कर्मचारियों को बेहतर ढंग से प्रशिक्षित किया जा सके। कार्यशाला में शासन के विभिन्न विभागों के सचिव, संयुक्त सचिव, उप सचिव और अनुभाग अधिकारियों सहित जिलों के प्रमुख अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

कार्यशाला के दौरान बताया गया कि आई-गॉट और ई-एचआरएमएस प्लेटफॉर्म के माध्यम से कर्मचारियों की क्षमता और कौशल विकास को नई दिशा दी जाएगी। मुख्य सचिव ने यह भी रेखांकित किया कि आई-गॉट प्लेटफॉर्म पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग बढ़ रहा है, जो कर्मचारियों को स्मार्ट और प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान करने में सहायक होगा।

अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराया गया कि यह प्रशिक्षण केवल कौशल विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जागरूकता बढ़ाने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से प्रत्येक कर्मचारी अपने विभाग की योजनाओं और कार्यप्रणाली से बेहतर तरीके से परिचित हो सकेगा। मुख्य सचिव ने उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग करते हुए सकारात्मक परिणाम प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *