रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नारायणपुर जिले के गरांजी स्थित परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय में अचानक पहुंचे और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों से आत्मीय संवाद किया। विद्यालय पहुंचने पर दिव्यांग छात्र रंजीत बड्डे सहित अन्य बच्चों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर बच्चों ने स्वागत गीत, हनुमान चालीसा और बस्तर अंचल के पारंपरिक गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी, जिसने सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की मांग पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय को एक बस उपलब्ध कराने की घोषणा की।


मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत करते हुए कहा कि मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की और बच्चों को आईएएस, आईपीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शारीरिक कमी से निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों पर ईश्वर का विशेष आशीर्वाद होता है।
बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें बचपन में पिट्ठू और फुटबॉल जैसे खेल खेलना बहुत पसंद था। विद्यालय में समय बिताकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित कर आशीर्वाद दिया।
दिव्यांग बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप, अन्य जनप्रतिनिधियों, मुख्यमंत्री सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह एवं आईजी सुंदरराज पी. ने भी की।
उल्लेखनीय है कि परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय का शुभारंभ 11 सितंबर 2023 को हुआ था। इसका संचालन जिला खनिज न्यास निधि से किया जा रहा है। विद्यालय का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समावेशी शिक्षा देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उनका आत्मविश्वास मजबूत करना है। वर्तमान में यहां 60 बच्चे अध्ययनरत हैं। विद्यालय में आडियोलॉजी, फिजियोथेरेपी, विशेष शिक्षा, संगीत, खेलकूद, योग, व्यायाम और कंप्यूटर शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।