रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड से लोगों को हल्की राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना जताई है। फिलहाल सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में शीतलहर का असर बना हुआ है, हालांकि आने वाले दिनों में इसकी तीव्रता कम हो सकती है।
राज्य में हवा की दिशा पूर्वी हो गई है, जिससे नमी बढ़ी है और इसका सीधा प्रभाव रात के तापमान पर देखा जा रहा है। पिछले चौबीस घंटों में दुर्ग का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर 8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। माना में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री, बिलासपुर में 13.3 डिग्री, पेंड्रा में 10.8 डिग्री, jagदलपुर में 10.9 डिग्री और दुर्ग में 11 डिग्री दर्ज किया गया। दो दिन बाद भी मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
रायपुर में आज आसमान साफ रहने की उम्मीद है और तापमान 14 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।