छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय गुजरात प्रवास पर रवाना, इन कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को दो दिवसीय गुजरात दौरे पर रवाना हुए। प्रस्थान से पूर्व उन्होंने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट स्थित नवनिर्मित शासकीय स्टेट हैंगर का लोकार्पण किया। इसके बाद विशेष विमान से अहमदाबाद के लिए रवाना हुए।

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और भारत पर्व में शामिल होंगे सीएम

मुख्यमंत्री ने मीडिया को बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने गुजरात जा रहे हैं। वे केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण करेंगे तथा भारत पर्व 2025 में सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम के पश्चात एकता प्रकाश पर्व में भाग लेंगे और केवड़िया में रात्रि विश्राम करेंगे।

छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट में निवेशकों से संवाद

दौरे के दूसरे दिन 11 नवंबर को मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान राज्य की नई औद्योगिक नीति की जानकारी देंगे तथा निवेशकों से एकल चर्चा करेंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से मुलाकात करेंगे। गांधीनगर स्थित सीएम हाउस में इन्वेस्ट गुजरात कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा सीएम डैशबोर्ड और सीएम जनशिकायत निवारण प्रणाली का प्रेजेंटेशन देखेंगे।

NAMTECH और साबरमती रिवरफ्रंट का दौरा

मुख्यमंत्री NAMTECH ग्लोबल स्किल कॉलेज का भ्रमण करेंगे तथा साबरमती रिवरफ्रंट पर दोपहर भोजन करेंगे। गुजरात प्रवास समाप्ति के बाद मंगलवार रात को रायपुर वापस लौटेंगे।

गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने जापान दौरे के दौरान विदेशी निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया था।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *