दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अहम फैसला लेते हुए बिहार सरकार में मंत्री एवं छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी केंद्रीय नेतृत्व के भरोसे और संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका का संकेत मानी जा रही है। फिलहाल वे बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री के तौर पर कार्यरत हैं और अब राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें नई भूमिका सौंपी गई है।

नितिन नबीन के पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में जनता ने परिवार के बेटे पर भरोसा जताया। यहीं से नितिन नबीन की राजनीतिक यात्रा शुरू हुई। इसके बाद उन्होंने बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार चार बार जीत दर्ज की और बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।
सड़क निर्माण मंत्री के रूप में नितिन नबीन को एक युवा, ऊर्जावान और सक्रिय नेता के तौर पर जाना जाता है। उनके कार्यकाल में बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर खास फोकस रहा। सड़कें, बिजली, जलापूर्ति और ट्रैफिक व्यवस्था जैसे विषयों पर उन्होंने लगातार निगरानी रखी और सुधार की दिशा में कदम उठाए।