छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र: नशीले पदार्थों की बिक्री और स्वास्थ्य मिशन के मुद्दे पर आज सदन में होगी चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। सदन की कार्यवाही के दौरान आज विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा के साथ ही विधायी कार्य संपन्न किए जाएंगे। प्रश्नकाल के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और मंत्री लखनलाल देवांगन सदस्यों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देंगे।

सदन की कार्यवाही के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप, श्याम बिहारी जायसवाल और गुरु खुशवंत विभिन्न महत्वपूर्ण पत्रों को पटल पर रखेंगे। इसके साथ ही नवंबर-दिसंबर 2025 सत्र के दौरान पूछे गए उन प्रश्नों के पूर्ण उत्तर भी प्रस्तुत किए जाएंगे जो पूर्व में अपूर्ण थे। सदन में पढ़ी गई सूचनाओं, उनके उत्तरों का संकलन और राज्यपाल की अनुमति प्राप्त विधेयकों की जानकारी भी साझा की जाएगी।

आज सदन में दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लाए जाएंगे। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक प्रदेश में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री का मामला उठाएंगे। वहीं, विधायक राघवेंद्र सिंह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़े विषय पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।

सदन की अन्य कार्यवाहियों में मंत्री दयालदास बघेल और विधायक रेणुका सिंह अनुपस्थिति की अनुज्ञा सौंपेंगे, जबकि विधायक भावना बोहरा और रोहित साहू अपनी याचिकाएं पेश करेंगे। दिन के उत्तरार्ध में राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में विस्तृत चर्चा की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *