चांदनी चौक में फिर दहला इलाका: सैलाना बस स्टैंड के पास दूसरा बड़ा विस्फोट, बड़ा हादसा टला

रतलाम। शहर के चांदनी चौक क्षेत्र में पांच दिन पहले हुए विस्फोट के बाद शुक्रवार को एक बार फिर जोरदार धमाका हुआ। यह घटना सैलाना बस स्टैंड के पास स्थित न्यू जनरल इंजीनियरिंग एंड वेल्डिंग वर्क्स दुकान में हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, दुकान में बाइक की वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग उपकरण से जुड़े कार्बेट टैंक में अचानक तेज विस्फोट हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि टैंक फटकर करीब 15 फीट दूर मुख्य सड़क पर जा गिरा। उस समय सड़क से कोई राहगीर नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के वक्त 80 वर्षीय दुकान संचालक वेल्डिंग कर रहे थे और एक कर्मचारी पास में खड़ा था, दोनों सुरक्षित हैं।

विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस और नायब तहसीलदार मनोज चौहान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। टैंक के उड़कर सड़क पर गिरने की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *